उत्तराखण्डः कांवड़ खंडित करने का आरोप! गुस्साए शिवभक्तों ने किया जबरदस्त हंगामा, युवक से मारपीट

Uttarakhand: Allegation of desecrating a Kanwar! Enraged Shiva devotees created a massive ruckus and assaulted a young man.

रुड़की। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान गंगाजल खंडित होने को लेकर शनिवार को हंगामा हो गया। दरियापुर गांव के पास हुई इस घटना के बाद कांवड़ यात्री आक्रोशित हो गए और एक स्थानीय युवक के साथ मारपीट कर दी। युवक के घायल होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की तत्परता से मामला बढ़ने से पहले ही संभाल लिया गया। जानकारी के अनुसार, दरियापुर गांव के पास एक स्थानीय युवक से कांवड़ यात्रियों का गंगाजल खंडित हो गया। बताया जा रहा है कि कांवड़ यात्री सरसावा क्षेत्र के रहने वाले थे। गंगाजल खंडित होने की घटना के बाद कांवड़ यात्री नाराज हो गए और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों को अलग किया। वहीं, मारपीट में घायल हुए युवक को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ सुमित पांडेय और पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों से बातचीत कर उन्हें समझाया और शांत कराया। पुलिस की ओर से मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने के लिए तत्काल कदम उठाए गए। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि एक युवक से गंगाजल खंडित हो गया था, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई। उन्होंने बताया कि मारपीट में एक युवक घायल हुआ है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

पुलिसकर्मी के साथ हरकी पैड़ी भेजे गए कांवड़ यात्री
मामले को शांत कराने के बाद पुलिस ने कांवड़ यात्रियों की धार्मिक भावना को ध्यान में रखते हुए समाधान का रास्ता निकाला। पुलिस ने एक पुलिसकर्मी को कांवड़ यात्रियों के साथ हरकी पैड़ी भेजा। वहां से दोबारा गंगाजल भरवाया गया। इसके बाद कांवड़ को पुनः स्थापित किया गया और कांवड़ यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। एसपी देहात ने बताया कि कांवड़ यात्रियों को समझा-बुझाकर और दोबारा जल उपलब्ध कराकर उन्हें आगे रवाना कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।