हल्द्वानी ब्रेकिंगः मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली से पहले सियासी घमासान! कांग्रेस नेताओं ने SSP कार्यालय में दिया धरना, पुलिस पर कार्यकर्ताओं को रोकने का आरोप
हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित रैली से पहले आज हल्द्वानी में कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर रैली में शामिल होने के लिए पहुंच रहे कार्यकर्ताओं और समर्थकों को परेशान करने का आरोप लगाया। नेताओं का कहना है कि रैली में आने वाली बसों को अलग-अलग स्थानों पर रोककर चेकिंग की जा रही है और लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस की कथित कार्रवाई से नाराज कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंच गए। यहां नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रैली में आने वाले लोगों को कथित तौर पर रोके जाने पर नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि रैली में शामिल होने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से बसों के जरिए हल्द्वानी पहुंच रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस जगह-जगह रोक रही है। नेताओं का कहना है कि बसों की चेकिंग के कारण कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में देरी हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि पुलिस प्रशासन की ओर से जानबूझकर रैली में आने वाले लोगों को परेशान किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने एसएसपी मंजुनाथ टीसी पर भी गंभीर आरोप लगाए। कुछ नेताओं ने एसएसपी को मुख्यमंत्री का एजेंट तक बताया और कहा कि पुलिस के जरिए कांग्रेस के कार्यक्रम को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। मामला बढ़ने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय में ही धरना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित होने वाली रैली में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों को बेवजह नहीं रोका जाना चाहिए। धरने के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से तत्काल स्थिति स्पष्ट करने और रैली में आने वाले कार्यकर्ताओं के आवागमन को सुचारू रखने की मांग की। नेताओं का कहना था कि यदि सुरक्षा जांच आवश्यक है तो वह व्यवस्थित तरीके से की जाए, लेकिन जांच के नाम पर किसी को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
SP क्राइम ने संभाला मोर्चा
एसएसपी कार्यालय में काफी देर तक चले हंगामे के बाद एसपी क्राइम जगदीश चंद्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारी ने नेताओं को आश्वासन दिया कि रैली में आने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से नहीं रोका जाएगा। पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत के बाद स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया गया। एसपी क्राइम ने आश्वासन दिया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत आवश्यक जांच की जाएगी, लेकिन रैली में शामिल होने वाले लोगों को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा।