रुड़की में कांवड़ खंडित होने पर भारी हंगामा: आक्रोशित कांवड़ियों ने युवक को पीटा, पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा बवाल

Major uproar in Roorkee after Kanwar gets damaged: Enraged Kanwariyas beat up a youth; prompt police action averts a major clash.

हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान उस समय भारी हंगामा और अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्थानीय युवक की गफलत से कांवड़ियों का पवित्र गंगाजल खंडित हो गया। इस घटना से गुस्साए कांवड़ यात्रियों ने आपा खो दिया और युवक की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट की इस घटना से मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल स्थिति पर काबू पाया, बल्कि कांवड़ियों को दोबारा गंगाजल दिलवाकर गंतव्य के लिए रवाना किया, जिससे एक बड़ा सांप्रदायिक या सामाजिक विवाद होने से समय रहते टल गया।

 पिरान कलियर थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान गंगाजल खंडित होने को लेकर शुक्रवार को हंगामा हो गया। दरियापुर गांव के पास हुई घटना के बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने एक स्थानीय युवक के साथ मारपीट कर दी। युवक के घायल होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। बताया गया कि दरियापुर गांव के पास एक युवक से कांवड़ यात्रियों का गंगाजल खंडित हो गया। इसके बाद वहां मौजूद सरसावा निवासी कांवड़ यात्री आक्रोशित हो गए और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और विवाद बढ़ने लगा। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ सुमित पांडेय और पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को बिगड़ने से रोका। संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि युवक से गंगाजल खंडित होने के बाद मारपीट हुई, जिसमें एक युवक घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कांवड़ यात्रियों को समझाकर शांत करा दिया गया है। पुलिस ने कांवड़ियों की धार्मिक भावना को ध्यान में रखते हुए तत्काल समाधान भी कराया। एक पुलिसकर्मी को कांवड़ यात्रियों के साथ हरकी पैड़ी भेजा गया, जहां से दोबारा गंगाजल भरवाया गया। इसके बाद कांवड़ को पुनः स्थापित कर यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और अधिकारियों के मौके पर पहुंचने से स्थिति को गंभीर होने से पहले ही संभाल लिया गया। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।