पौड़ी हादसाः एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत! एक अब भी लापता, घटना के बाद इलाके में पसरा मातम

Pauri Accident: Five members of the same family dead! One still missing; mourning grips the area following the incident.

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पांच लोगों की जान ले ली। देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर सबदरखाल के समीप एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक ही परिवार के कई सदस्यों सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं एक अन्य व्यक्ति अभी भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ और पुलिस का संयुक्त सर्च अभियान लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 11ः30 बजे हुआ। पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर एक वाहन गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीण भी सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में पुलिस की मदद की। बताया जा रहा है कि बोलेरो वाहन हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र से पौड़ी की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन सबदरखाल के पास पहुंचा, चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बोलेरो सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एसडीआरएफ की टीम ने निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में कठिन परिस्थितियों के बीच खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान वाहन में सवार लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय अरम को पहले नजदीकी बागी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया गया। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि बोलेरो वाहन में कुल सात लोग सवार थे। इनमें से पांच लोगों की मौत हो गई, एक किशोर घायल है और एक व्यक्ति अभी भी लापता है। पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 49 वर्षीय अफजाल पुत्र अकबर सूफी, 34 वर्षीय गुफरान पुत्र अकबर, 40 वर्षीय सब्बू पत्नी अफजाल, 3 वर्षीय अनामिया पुत्री अफजाल, 14 वर्षीय शादाब पुत्र अफजाल के रूप में हुई है। सभी मृतक हरिद्वार जिले के लक्सर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।