उत्तराखण्डः हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विशाल जनसभा कल! 20 हजार से अधिक लोगों के जुटने का दावा, पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान

Uttarakhand: Congress President Mallikarjun Kharge to hold a massive public rally in Haldwani tomorrow! Over 20,000 people expected to attend; police have issued a traffic plan.

हल्द्वानी। उत्तराखंड की राजनीति में शनिवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कल हल्द्वानी पहुंचकर रामलीला मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस जनसभा को कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं, वहीं नैनीताल पुलिस ने भी शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक एवं पार्किंग प्लान जारी कर दिया है। जनसभा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या रामलीला मैदान पहुंचे। उनके साथ हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इस दौरान मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और कार्यकर्ताओं के स्वागत सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां भी पदाधिकारियों को सौंपी गईं। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में यशपाल आर्या ने दावा किया कि मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी जनसभा ऐतिहासिक होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक इस रैली में शामिल होंगे तथा करीब 20 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान है और अब बदलाव चाहती है। कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। उनके अनुसार हल्द्वानी की यह जनसभा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के चुनावी अभियान का बड़ा संदेश देगी।

नैनीताल पुलिस ने जारी किया विस्तृत ट्रैफिक प्लान
दूसरी ओर, बड़ी संख्या में लोगों के हल्द्वानी पहुंचने की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए जारी यातायात योजना का पालन करें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार रामपुर रोड से आने वाले सभी वाहनों की पार्किंग एच.एन. इंटर कॉलेज में की जाएगी। बरेली रोड से आने वाले वाहनों को लक्ष्मी शिशु मंदिर, मंगलपड़ाव में पार्क किया जाएगा। खटीमा और सितारगंज क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए गोलापार आरटीओ फिटनेस सेंटर के सामने सड़क किनारे पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को ठंडी सड़क (नहर कवरिंग) तथा खालसा इंटर कॉलेज मैदान में पार्क किया जाएगा, जबकि कालाढूंगी और रामनगर की ओर से आने वाले वाहनों को जेल रोड तिराहा होते हुए पर्वतीय उत्थान मंच और लगन गार्डन में पार्क कराया जाएगा।