हिमाचल में बड़ा सड़क हादसाः तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर यात्रियों से भरी निजी बस पलटी! सात लोगों की मौत, 11 यात्री घायल
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी एक निजी शर्मा बस दुर्घटनाग्रस्त होकर हादसे का शिकार हो गई। हादसे में सात यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकालने में मदद की। जानकारी के अनुसार, निजी बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। हादसे के समय बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के समीप अचानक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। इधर सूचना पर राहत टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बस दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में सात यात्रियों की मौत हुई है, जबकि 11 यात्री घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर सबसे पहले आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग पहुंचे। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही लोग मदद के लिए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमों के पहुंचने के बाद राहत एवं बचाव अभियान को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया गया। इस हादसे में जगदेव पुत्र धर्म सिंह, हरदेई पत्नी जगदेव, देसराज पुत्र त्रिलोचन, रूप सिंह पुत्र राधाराम, तेज सिंह पुत्र प्यारे लाल, निलमा पत्नी मोतीराम, जगदेई पत्नी हरिलाल ने जान गंवाई है।