उत्तराखण्डः रामनगर में युवती ने सरेबाजार गटका कीटनाशक! भीड़ बनी रही तमाशबीन, जिंदगी से जूझती रही युवती! प्रेम प्रसंग का एंगल, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

Uttarakhand: A young woman swallowed pesticide in public in Ramnagar! The crowd stood in awe as the young woman struggled for her life! A love affair is involved, and she was referred to a higher cen

रामनगर। रामनगर के भवानीगंज क्षेत्र में शनिवार को एक युवती द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में विषैले पदार्थ का सेवन करने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में घटना को प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार घटना नेशनल हाईवे 309 पर स्थित भवानीगंज इलाके की है, जहां एक युवती ने कथित तौर पर कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। जहरीला पदार्थ लेने के तुरंत बाद वह सड़क किनारे बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि अधिकतर लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने तत्काल मदद के लिए पहल नहीं की। इसी बीच स्थानीय सभासद प्रतिनिधि जफर को घटना की सूचना मिली। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और एक महिला की मदद से बेहोश युवती को 108 एंबुलेंस के जरिए रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। समय रहते मिली सहायता से युवती की जान बचाने की कोशिश संभव हो सकी। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी सक्रिय हो गई। वरिष्ठ उप निरीक्षक महेंद्र प्रसाद और महिला उप निरीक्षक राजकुमारी ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई और युवती से पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक घटना से पहले युवती भवानीगंज स्थित एक शोरूम के बाहर गई थी, जहां काशीपुर निवासी एक युवक कार्यरत है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और घटना से ठीक पहले फोन पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने युवती के परिजनों से संपर्क कर लिया है और संबंधित युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाई जा सके।