उत्तराखण्डः सरकारी स्कूल में शिक्षक की घिनौनी करतूत! छात्रा से शोषण के आरोप से मचा बवाल, प्रशासन और सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल

Uttarakhand: A government school teacher's heinous act! Allegations of exploitation of a student spark uproar, raising serious questions about the administration and the system.

खटीमा। उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चकरपुर स्थित एक सरकारी इंटर कॉलेज में तैनात पीटीआई पर एक छात्रा ने शारीरिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जानकारी जैसे ही स्थानीय लोगों और संगठनों को मिली, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुंच गए। इस दौरान स्कूल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित पीटीआई सुखविंदर सिंह को अपनी कस्टडी में ले लिया है। वहीं प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष क्षितिज अरोड़ा ने भी आरोपों को गंभीर बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्कूल के प्रिंसिपल पंचदेव सिंह ने बताया कि एक दिन पहले पुलिस कर्मी स्कूल पहुंचे थे और आरोपी शिक्षक से पूछताछ की गई थी। इसके बाद जब उन्होंने स्वयं शिक्षक से सवाल किए तो उसने छात्रा के साथ संबंध होने की बात स्वीकार की। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया गया। प्रिंसिपल ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि यह स्कूल के लिए बेहद शर्मनाक स्थिति है। उन्होंने स्थानीय लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि वह विद्यालय की गरिमा की रक्षा नहीं कर सके, जिससे वह बेहद व्यथित हैं। इस बीच पुलिस चौकी चकरपुर के इंचार्ज ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही औपचारिक तहरीर प्राप्त होगी, कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। मामले में प्रशासनिक लापरवाही के आरोप भी सामने आए हैं। स्थानीय विधायक ने जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि खंड शिक्षा अधिकारी भानु प्रताप कुशवाह ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इस पर कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है।