बेखौफी का आलमः उत्तराखण्ड में स्कूल परिसर के पीछे किराए के मकान में चल रहा था देह व्यापार का धंधा! दो आरोपियों की गिरफ्तारी, तीन महिलाएं रेस्क्यू

Unpretentious: A prostitution racket was operating in a rented house behind a school campus in Uttarakhand! Two accused arrested, three women rescued.

देहरादून। उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। देहरादून के कैंट क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से तीन महिलाओं को रेस्क्यू भी किया गया है। हैरानी की बात ये है कि कथित सेक्स रैकेट एक स्कूल के पीछे चल रहा था। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह को सूचना मिली थी कि कैंट क्षेत्र के किशन नगर एक्सटेंशन में कुछ लोग महिलाओं से कथित रूप से देह व्यापार करवा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने इलाके में एक स्कूल के पीछे स्थित मकान पर छापेमारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस को तीन महिलाएं और एक पुरुष संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। मौके से पुलिस ने आशीष कुमार पांडे और जंग बहादुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक मारुति स्विफ्ट कार भी बरामद कर सीज कर दी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी आशीष कुमार पांडे पहले भी इसी तरह के मामले में जेल जा चुका है। प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी मिली कि महिलाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दूसरे राज्यों से देहरादून बुलाया जाता था और बाद में उनसे कथित तौर पर देह व्यापार कराया जाता था। दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपाधीक्षक स्वप्निल मुयाल ने बताया कि यह मामला किशन नगर एक्सटेंशन स्थित एक मकान के पिछले हिस्से में सामने आया है। मकान का अगला हिस्सा स्कूल संचालन के लिए किराए पर दिया गया था, जबकि पीछे के हिस्से में यह गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। उन्होंने बताया कि मकान के दोनों हिस्सों की एंट्री एक ही स्थान से है। ऐसे में पुलिस अब मकान मालिक की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है कि संवेदनशील संस्थान के नजदीक बिना पर्याप्त सत्यापन के संपत्ति किराए पर कैसे दी गई। पुलिस ने जिस हिस्से में कथित देह व्यापार संचालित हो रहा था, उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। रेस्क्यू की गई तीनों महिलाओं का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की स्थिति और तथ्यों को लेकर अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।