उधम सिंह नगर पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई! 2.80 करोड़ के गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से की जा रही थी सप्लाई
रुद्रपुर। नशा मुक्त उत्तराखण्ड अभियान के तहत उधम सिंह नगर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने 558.78 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई 18 अप्रैल को रुद्रपुर के बागवाला फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान की गई। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थीए तभी एक कैंटर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में सुतली रस्सियों के गट्ठरों के बीच बेहद चालाकी से छिपाकर रखे गए 18 प्लास्टिक के कट्टों और तीन स्कूल बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें संजय गुप्ता निवासी किच्छा, डीटू यादव और मोहित यादव निवासी मैनपुरी, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और 29,880 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह गांजा ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से लाया गया था और इसे रुद्रपुर में स्थानीय तस्करों को सप्लाई किया जाना था।
चारधाम यात्रा और अर्धकुंभ को बनाना था निशाना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के अनुसार तस्करों की योजना इस नशे की खेप को आगामी चारधाम यात्रा और हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ मेले में खपाने की थी। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।
मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी संजय गुप्ता का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस अब अवैध कारोबार से अर्जित उसकी करीब 3 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया में जुटी है।
नेटवर्क की तलाश तेज, जीरो टॉलरेंस की नीति
पुलिस ने इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। इस बड़ी सफलता पर पुलिस टीम को 7,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की गई है।