Awaaz24x7-government

गुजरात में दो लोगों की मौत, 22 घायल! तबाही मचाने के बाद अब राजस्थान की ओर बढ़ा बिपरजॉय 

Two people died in Gujarat, 22 injured! After creating havoc Biparjoy now headed towards Rajasthan

 

गुजरात के कई इलाकों में बिपरजॉय तूफान का खासा असर देखने को मिल रहा है। तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। तूफान के कारण कई पेड़ और खंभे गिर गए हैं। कई इलाकों में बत्ती गुल हो गई है। गुरुवार शाम बिपरजॉय का लैंडफॉल हुआ था। इसके प्रभाव को देखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की कई टीमें तैनात की गई हैं।

अरब सागर से 10 दिन पहले उठा बिपरजॉय तूफान गुरुवार शाम गुजरात के कच्छ में जाखऊ पोर्ट से टकरा गया। बिपरजॉय की वजह से गुजरात के कई जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही हैं। कच्छ और सौराष्ट्र के तट बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। तेज हवा के चलते जखाऊ और मांडवी में कई पेड़, होर्डिंग्स और बिजली के खंभे उखड़ गए। वही भावनगर जिले में बाढ़ के खड्ड में फंसी अपनी बकरियों को बचाने की कोशिश के दौरान पिता और पुत्र की मौत हो गई। देवभूमि द्वारका में पेड़ गिरने से तीन लोग घायल भी हुए हैं। तूफान अभी 13-14 किमी की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। तूफान की वजह से आज भी कच्छ, द्वारका और जामनगर में तेज हवा के साथ बारिश होगी। कच्छ में चक्रवात बिपरजॉय का प्रभाव देखने को मिल रहा है। शहर में तेज हवाएं चल रही हैं। कई पेड़ उखड़ गए हैं। द्वारका में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। तूफान के कारण सूरत में एक घर की दीवार गिर गई है। दीवार गिरने से दो लोग घायल हो गए हैं। इसके अलावा कई पेड़ गिरने की भी जानकारी मिली है।

चक्रवात तूफान की वजह से चल रही तेज हवाओं से मोरबी में तार और कई खंबे टूट गए। तूफान की वजह से मलिया तहसील के 45 गांवों में बिजली गुल हो गई। 11 गांवों में बिजली बहाल कर दी गई है। मोरबी के कार्यकारी अभियंता जेसी गोस्वामी ने जानकारी दी कि तटीय ग्रामीण और रेगिस्तानी इलाकों में 300 से ज्यादा बिजली के खंभे टूट गए हैं। पश्चिम गुजरात विज कंपनी लिमिटेड (पीजीवीसीएल) शेष ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली बहाल करने के लिए काम कर रही है। वही भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का अनुमान है कि गुजरात के तटीय हिस्सों में चार से आठ घंटे तक 115 से 140 किमी की रफ्तार से हवा चलने के बाद शुक्रवार सुबह लगभग आठ बजे के बाद से इसकी गति धीमी पड़ने लगेगी। हालांकि वर्षा तब भी जारी रहेगी।