एटलस साइकिल्स के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर ने खुद को मारी गोली! पुलिस को मिला सुसाइड नोट, सवाल- आखिर कौन कर रहा था उत्पीड़न?

नई दिल्ली। एटलस साइकिल्स के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को उन्हें एटलस साइकल्स के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर की दिल्ली के एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग स्थित उनके आवास पर गोली मारकर हत्या की जानकारी मिली थी। दोपहर करीब 2ः30 बजे मौके पर पहुंची पुलिस को कपूर के घर से एक सुसाइड नोट भी मिला। बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में कपूर ने कुछ लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में बताया कि एटलस साइकल्स के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर की डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम लेन स्थित उनके आवास पर कथित तौर पर गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस की एक टीम मौके पर मौजूद है और मामले की जांच कर रही है। एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें कुछ लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है।