बड़ा हादसाः वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी भूस्खलन! भरभराकर गिरा मलबा, कई श्रद्धालुओं के फंसे होने की आशंका

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के रियासी में त्रिकुटा पर्वतों पर स्थिता माता वैष्णो देवी मंदिर यात्रा मार्ग पर एक बड़ा हादसा हुआ है। हादसे में श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर सामने आई है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुचंा है और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और मार्ग की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ें। वहीं भूस्खलन के कारण यात्रा मार्ग पर अस्थायी रूप से आवाजाही रोक दी गई है और मार्ग को साफ करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। खबरों के मुताबिक वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर जिस जगह लैंडस्लाइड हुआ है, वह स्थान पंछी हैलीपैड के नजदीक है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि लैंडस्लाइड की वजह से कुछ श्रद्धालु फंसे हुए हैं।
बता दें कि वैष्णो देवी मंदिर मां दुर्गा को समर्पित 108 शक्तिपीठों में से एक है। यह भारत के सबसे अधिक दर्शन किए जाने वाले तीर्थस्थलों में से एक है। नवरात्रि जैसे त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या एक करोड़ तक हो जाती है। वैष्णो देवी मंदिर भारत के सबसे धनी मंदिरों में से एक है। वैष्णो देवी मंदिर का प्रबंधन और प्रशासन श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड संभालता है। इसके बोर्ड में नौ सदस्य होते हैं।