भीमताल में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी मैक्स, दो ग्रामीणों की मौत, दो बच्चे समेत तीन घायल
भीमताल। नैनीताल जनपद के धारी ब्लॉक अंतर्गत दुदुली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अम्दौ-दुदुली मार्ग से एक मैक्स कार हल्द्वानी के लिए रवाना हुई थी। वाहन में दुदुली निवासी लता शर्मा (पत्नी दिनेश चंद्र शर्मा), अम्दौ निवासी हरीश चंद्र बेलवाल और उनके दो बच्चे सवार थे। जैसे ही वाहन दुदुली के पास पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और मैक्स गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस दुर्घटना में लता शर्मा और हरीश चंद्र बेलवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक कमल शर्मा और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पदमपुरी अस्पताल भेजा गया है।