भीषण हादसा: केदारनाथ से लौट रहे दिल्ली के श्रद्धालुओं की कार खाई में गिरी, एक सुरक्षित,महिला लापता,रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Tragic Accident: Car Carrying Delhi Devotees Returning from Kedarnath Plunges into Gorge; One Rescued, Woman Missing, Rescue Operation Underway.

ऋषिकेश। उत्तराखंड के पर्वतीय मार्गों पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के पास एक दर्दनाक हादसा पेश आया। केदारनाथ धाम के दर्शन कर दिल्ली लौट रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। रेस्क्यू टीम ने एक घायल को सुरक्षित निकाल लिया है, जबकि एक महिला अभी भी लापता है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन करने के बाद अपनी कार से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार देवप्रयाग क्षेत्र के अंतर्गत तोताघाटी के समीप पहुँची, चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरा। स्थानीय राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए देवप्रयाग थाना कोतवाल प्रशांत बहुगुणा के नेतृत्व में पुलिस बल और SDRF (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) की टीमें मौके पर पहुँचीं। खाई बेहद गहरी और रास्ता दुर्गम होने के कारण राहत कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि सूचना मिलते ही हमारी टीम सक्रिय हो गई थी। गहरी खाई में उतरकर टीम ने एक पुरुष श्रद्धालु को घायल अवस्था में ढूंढ निकाला। मौके की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए घायल को राफ्ट के माध्यम से नदी के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के गिरने के दौरान उसमें सवार महिला कहीं दूर छिटक गई। पुलिस के मुताबिक कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। लापता महिला की तलाश के लिए एसडीआरएफ के गोताखोर और रेस्क्यू टीम नदी के किनारों और खाई के दुर्गम कोनों में सघन तलाशी अभियान चला रही है। समाचार लिखे जाने तक महिला का सुराग नहीं लग पाया था। तोताघाटी को ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग का सबसे संवेदनशील हिस्सा माना जाता है। पुलिस ने तीर्थयात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि पहाड़ों पर वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और थकान होने पर विश्राम अवश्य करें। फिलहाल, पुलिस घायल के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।