Oct 02, 2026 Login

लापरवाही का भयानक खामियाजा: पिकनिक बनी मातम की वजह,समुद्र में डूबे पुणे के 8 छात्र, दिवेआगर बीच पर लहरों ने छीनीं आठ जिंदगियां

The terrible price of negligence: A picnic turns into a tragedy; 8 students from Pune drown in the sea—waves claim eight lives at Diveagar Beach.

रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ स्थित दिवेआगर बीच से आई हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। पुणे की एक निजी कोचिंग अकादमी से पिकनिक मनाने आए 48 लोगों के दल में से 8 मासूम छात्रों की समुद्र में डूबने से हुई मौत सिर्फ एक दुखद दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों के प्रति बरती जाने वाली घोर लापरवाही का ज्वलंत उदाहरण है। 

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में गुरुवार को समुद्र की लहरों ने आठ परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुणे से पिकनिक मनाने दिवेआगर बीच पहुंचे आठ छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद कई घंटे चले तलाशी और बचाव अभियान में सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए गए। मृतक छात्र 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ते थे और पुणे जिले के आलंदी स्थित निजी कोचिंग संस्थान ‘विनर्स अकादमी’ के समूह के साथ पिकनिक पर आए थे। पुलिस के मुताबिक, कोचिंग संस्थान का कुल 48 लोगों का समूह दिवेआगर बीच पहुंचा था। इसमें 25 लड़के, 17 लड़कियां और छह शिक्षक शामिल थे। पिकनिक के दौरान आठ छात्र समुद्र में उतर गए। बताया गया कि छात्रों को समुद्र की गहराई और पानी के तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं हो सका। देखते ही देखते वे लहरों और समुद्री बहाव की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल सक्रिय हो गया। समुद्र में तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिसकर्मियों और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में बचाव अभियान चलाया गया। प्रयासों के दौरान एक-एक कर सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए गए। हादसे की खबर सामने आने के बाद छात्रों के परिवारों में मातम पसर गया। दिवेआगर बीच मुंबई से करीब 170 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और यह क्षेत्र दिघी तटीय पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है। पुलिस ने घटना के बाद आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे से जुड़े परिस्थितियों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। यह हादसा एक बार फिर समुद्र तटों पर पर्यटकों और विशेषकर बच्चों एवं किशोरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। समुद्र बाहर से जितना आकर्षक और शांत दिखाई देता है, उसकी लहरों का बदलता रुख और पानी के भीतर का बहाव उतना ही खतरनाक हो सकता है। तैराकी का अनुभव होने के बावजूद समुद्र की गहराई, अचानक बदलता ज्वार और तेज धार किसी भी व्यक्ति को मुश्किल में डाल सकती है। स्कूल, कोचिंग संस्थानों और अन्य शैक्षणिक समूहों द्वारा आयोजित पिकनिक में विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। समुद्र या नदी जैसे जल स्रोतों के आसपास विद्यार्थियों को जाने से पहले स्पष्ट सुरक्षा निर्देश देना, जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान करना और पर्याप्त निगरानी रखना बेहद जरूरी है। स्थानीय प्रशासन की ओर से भी संवेदनशील पर्यटन स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, निगरानी और बचाव व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की आवश्यकता है।दिवेआगर की यह घटना केवल आठ परिवारों का निजी दुख नहीं, बल्कि सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी एक चेतावनी है। बच्चों की शैक्षणिक और मनोरंजक यात्राएं यादगार बनें, इसके लिए उत्साह के साथ सावधानी भी जरूरी है। एक छोटी-सी लापरवाही ने आठ होनहार छात्रों की जिंदगी खत्म कर दी और उनके परिवारों को ऐसा दर्द दे दिया, जिसकी भरपाई संभव नहीं।