नैनीतालः कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ चुनाव में निर्दलीयों का दबदबा! सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन, यतिन पांडे अध्यक्ष तो जितेंद्र धामी बने उपाध्यक्ष
नैनीताल। कुमाऊं के सभी महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव संपन्न होने के बाद आज कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के चुनाव भी संपन्न हो गए। नैनीताल के विवेकानंद भवन में आयोजित छात्र महासंघ चुनाव 2026-27 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और निर्विरोध तरीके से संपन्न हुए। खास बात यह रही कि महासंघ के सभी पदों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत दर्ज की। घोषित परिणामों के अनुसार एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी के यतिन पांडे को छात्र महासंघ का अध्यक्ष चुना गया है। राजकीय महाविद्यालय सितारगंज के जितेंद्र सिंह धामी उपाध्यक्ष, जबकि राजकीय महाविद्यालय गदरपुर की सुपर्णा भक्त छात्रा उपाध्यक्ष चुनी गईं। एचएनबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा के संचित सिंह को सचिव, राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर किशनपुर, गौलापार की उदिती पांडे को संयुक्त सचिव और पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर के भुवन चंद्र जोशी को कोषाध्यक्ष चुना गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होने से विश्वविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल नजर आया। चुनाव अधिकारी मनोज आर्या ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की जानकारी दी।