Fact Check: क्या अब हर शनिवार बंद रहेंगे सभी सरकारी बैंक? 5-डे वर्किंग को लेकर वायरल हुआ फर्जी आदेश, PIB ने खोला कच्चा चिट्ठा
नई दिल्ली। देशभर में बैंकों के कामकाज को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक मैसेज ने बैंक ग्राहकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है। सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुपों में दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही 5-डे वर्किंग की मांग को मंजूरी दे दी है। वायरल संदेश के मुताबिक अब देश के सभी सरकारी बैंक हर शनिवार और रविवार को बंद रहेंगे। हालांकि, इस दावे की सरकारी स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है और प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो यानी PIB फैक्ट चेक ने इसे फर्जी बताया है। दरअसल, बैंक कर्मचारी संगठनों की ओर से हर सप्ताह दो दिन की छुट्टी यानी पांच दिन काम की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसी मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। हालांकि, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच हुई बातचीत के बाद प्रस्तावित हड़ताल को टाल दिया गया। हड़ताल टलने के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित सरकारी आदेश तेजी से वायरल होने लगा। इसमें दावा किया गया कि सरकार ने बैंक कर्मचारियों की मांग मानते हुए प्रत्येक शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। वायरल दस्तावेज को वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग से जारी बताया गया। इसमें भारतीय स्टेट बैंक समेत सभी सरकारी बैंकों में हर शनिवार छुट्टी होने का दावा किया गया। वायरल दस्तावेज के सामने आने के बाद बैंक ग्राहकों के बीच यह सवाल उठने लगा कि क्या अब देशभर के बैंक हर शनिवार बंद रहेंगे। खास तौर पर सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर इस संदेश को तेजी से साझा किया गया। हालांकि, जब आधिकारिक स्रोतों की पड़ताल की गई तो वित्त मंत्रालय या संबंधित सरकारी विभाग की ओर से इस तरह के किसी आदेश की पुष्टि नहीं मिली। वित्त मंत्रालय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य संबंधित सरकारी माध्यमों पर भी हर शनिवार बैंक बंद करने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं मिली। इसके बाद सरकारी फैक्ट चेक प्लेटफॉर्म PIB Fact Check ने वायरल दावे की जांच की।

PIB ने बताया फर्जी है वायरल आदेश
PIB Fact Check ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दस्तावेज को फर्जी बताया। फैक्ट चेक में स्पष्ट किया गया कि वित्त मंत्रालय की ओर से ऐसा कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है, जिसमें सरकारी बैंकों के लिए प्रत्येक शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया हो। इसका मतलब साफ है कि अभी बैंकों में हर शनिवार छुट्टी लागू नहीं हुई है। 5-डे वर्किंग को लेकर भी वित्त मंत्रालय की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है, जैसा कि वायरल संदेश में दावा किया जा रहा है। मौजूदा व्यवस्था के अनुसार बैंकों में महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। वहीं पहले और तीसरे शनिवार को बैंक सामान्य रूप से खुले रहते हैं। यदि किसी महीने में पांचवां शनिवार आता है तो उस दिन भी बैंक सामान्य कामकाज करते हैं। रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है। ऐसे में बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी है कि वे सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर वायरल होने वाले संदेशों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। बैंक की छुट्टी या कामकाज से संबंधित किसी भी बदलाव की जानकारी के लिए वित्त मंत्रालय, RBI, संबंधित बैंक या अन्य आधिकारिक सरकारी स्रोतों की सूचना को ही सही माना जाना चाहिए। फिलहाल हर शनिवार बैंक बंद होने का दावा फर्जी है और बैंकों में पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को सामान्य कामकाज की व्यवस्था जारी है।