सिस्टम की बड़ी लापरवाहीः चायवाले का आया 1.60 लाख का बिल! न्याय की आस में भटकते रहे, तनाव ने छीनी जिंदगी! लोग बोले- ये कैसा स्मार्ट मीटर?

The system's gross negligence: A tea vendor received a bill of 1.60 lakh rupees! He wandered around in search of justice, but stress claimed his life! People asked, "What kind of smart meter is this?

इटावा। यूपी के इटावा से एक हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सिस्टम की लापरवाही एक शख्स को इतनी भारी पड़ गयी कि सदमे में उसकी जान चली गई। दरअसल, इटावा में एक चायवाले का बिजली का बिल 1.60 लाख रुपये आ गया, जिसके चलते वे तनाव में आ गए और इसी तनाव की वजह से उन्हें सदमा लगा और मौत हो गई है। इस घटना के बाद लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ खासा रोष देखने को मिल रहा है। मामला इटावा के भरथना क्षेत्र के संकिसरपुर में रहने वाले 50 साल के चायवाले शिवपाल सिंह से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक दिसंबर 2025 में शिवपाल के घर स्मार्ट मीटर लगाया गया। शुरुआत में सब सामान्य लगा, लेकिन धीरे-धीरे बिजली बिल असामान्य रूप से बढ़ने लगा। महज तीन महीनों में बिल 1.60 लाख रुपये तक पहुंच गया। एक छोटे चाय विक्रेता के लिए यह रकम सिर्फ एक बिल नहीं, बल्कि कर्ज और बर्बादी का संकेत थी।

परिजनों के मुताबिक शिवपाल सिंह कई दिनों तक बिजली विभाग के दफ्तरों के चक्कर लगाते रहे। उन्होंने बिल की जांच और संशोधन की गुहार लगाई, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। विभाग की तरफ से उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया और न ही कोई सुनवाई हुई। इसके चलते शिवपाल का तनाव बढ़ता गया। यही तनाव धीरे-धीरे उनकी सेहत पर भारी पड़ता गया और आखिरकार उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। शिवपाल की मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। उनकी बेटी राखी के अनुसार पापा लगातार परेशान थे, रातों की नींद उड़ गई थी। उन्हें उम्मीद थी कि विभाग उनकी बात सुनेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को एसडीओ कार्यालय के बाहर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही और संवेदनहीनता का आरोप लगाया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।