अंकिता भंडारी हत्याकांड पर सियासी घमासान जारी! सीएम धामी आज अयोध्या में रामलला के करेंगे दर्शन 

The political controversy over the Ankita Bhandari murder case continues! CM Dhami will visit Ramlala in Ayodhya today.

उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले को लेकर राजनीतिक घमासान जारी है। बीते दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद प्रेस वार्ता के दौरान अंकिता भंडारी मामले पर सरकार के स्टैंड को क्लियर किया था। बावजूद इसके प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रदेश में मचे राजनीतिक घमासान की मुख्य सूत्रधार उर्मिला सनावर जहां एक ओर आज एसआईटी के सामने अपना पक्ष रखने जा रही हैं, तो वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अयोध्या स्थित राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने जा रहे हैं। 

जहां एक ओर प्रदेश भर की निगाहें अंकिता भंडारी हत्याकांड के मामले पर टिकी हुई हैं, तो वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज एक दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के तय किए गए कार्यक्रम के अनुसार, आज दोपहर 2:00 बजे उत्तर प्रदेश के गोंडा स्थित नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रकथा महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 3:15 बजे अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने जाएंगे। भगवान राम के दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड वापस आ जाएंगे।