आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट की घटना पर नैनीताल बार एसोसिएशन में आक्रोश! अधिवक्ता को न्यायिक हिरासत भेजे जाने की कड़ी निंदा
नैनीताल। उत्तराखंड उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन ने आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान एक अधिवक्ता को 24 घंटे की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की घटना पर गहरा आक्रोश जताया है। इस मामले को लेकर शुक्रवार को हाईकोर्ट बार सभागार में आपातकालीन बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया। बैठक के दौरान अधिवक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे न्यायिक इतिहास की अभूतपूर्व और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय न्यायपालिका में यह पहली बार देखने को मिला है, जब किसी हाईकोर्ट के न्यायाधीश द्वारा सुनवाई के दौरान किसी अधिवक्ता के साथ इस प्रकार का व्यवहार किया गया हो। अधिवक्ताओं का कहना था कि न्यायपालिका और अधिवक्ता एक ही व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और इस तरह की कार्रवाई न्यायिक गरिमा तथा अधिवक्ताओं के सम्मान दोनों के लिए चिंता का विषय है। उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने बार काउंसिल ऑफ इंडिया से संबंधित न्यायाधीश के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक संबंधित जज को न्यायिक कार्य से अलग किया जाना चाहिए।