भीषण गर्मी का असरः ऊधमसिंह नगर में बदला स्कूलों का समय! हीट वेव को देखते हुए प्रशासन का बड़ा फैसला, जानें क्या रहेगी टाईमिंग?

The impact of the intense heat: School timings have been changed in Udham Singh Nagar! The administration has made a major decision in light of the heat wave. What will the timings be?

रुद्रपुर। लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए ऊधम सिंह नगर जिला प्रशासन ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केन्द्रों के समय में बदलाव करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते यह कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि तापमान में लगातार वृद्धि के कारण हीट वेव और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। विशेष रूप से छोटे बच्चों, विद्यार्थियों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, प्री-नर्सरी कक्षाओं और विद्यालयों के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। आदेश के अनुसार 22 अप्रैल 2026 से आगामी एक सप्ताह तक आंगनबाड़ी केंद्र और प्री-नर्सरी कक्षाएं सुबह 7ः30 बजे से 11ः00 बजे तक संचालित होंगी। वहीं कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों का समय सुबह 7ः30 बजे से दोपहर 12ः00 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और संस्थान प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश की अवहेलना करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने अभिभावकों और नागरिकों से भी अपील की है कि बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।