स्कूटी सवार लुटेरों का खौफ खत्म: तमंचे की नोक पर लूट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, नैनीताल पुलिस ने 72 घंटे में खोला मामला

The fear of scooter-riding robbers is over: Three gun-point robbers arrested, Nainital police solved the case within 72 hours.

रामनगर। रामनगर क्षेत्र में तमंचे की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और लूट की गई रकम का हिस्सा भी बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को मालधन चौड़ क्षेत्र निवासी सुरजीत सिंह ने थाना रामनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने पुत्र के साथ हाथीडंगर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो स्कूटियों पर सवार चार युवकों ने उनका पीछा कर वाहन रुकवाया और तमंचा तानकर मारपीट करते हुए 10,000 नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे व प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सर्विलांस, स्थानीय जानकारी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश और सुरागरसी के बाद 2 मई को आमपोखरा रेंज क्षेत्र से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में आयुष चन्याल उर्फ अंशु (21 वर्ष), अनिल बिष्ट (22 वर्ष) और प्रिंस कुमार (18 वर्ष) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अवैध 315 बोर तमंचे, घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और ₹7200 नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत अलग-अलग मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं।