बदरीनाथ धाम में कल खुलेंगे कपाट: सीएम धामी पहुंचे धाम, तैयारियों का लिया जायजा! 20 कुंतल फूलों से सजा मंदिर, प्रशासन ने किए खास इंतजाम

The doors of Badrinath Dham will open tomorrow: CM Dhami arrived at the shrine and inspected the preparations! The temple was decorated with 20 quintals of flowers, and the administration made specia

चमोली। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट कल 23 अप्रैल को विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने से एक दिन पूर्व प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को हेलीकॉप्टर के माध्यम से बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां हेलीपैड पर जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग एवं बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी उनके साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन पर बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, राजेश मेहता, अमित सती और प्रवेश डिमरी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। धाम पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने बदरीनाथ में चल रहे मास्टर प्लान के अंतर्गत विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम जैसे आस्था के केंद्र में विकास कार्यों में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री माणा गांव पहुंचे, जिसे भारत का प्रथम सीमांत गांव माना जाता है। यहां उन्होंने स्थानीय जनता और श्रद्धालुओं से संवाद किया। माणा गांव की महिलाओं ने पारंपरिक मांगलगीत गाकर और स्थानीय उत्पाद भेंट कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांव की “लखपति दीदियों” से भी मुलाकात की और महिला सशक्तिकरण की सराहना की। इधर बदरीनाथ धाम में कपाटोद्घाटन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। धाम को लगभग 20 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर आकर्षक और दिव्य दिखाई दे रहा है। 23 अप्रैल को सुबह 6:15 बजे भगवान बदरी विशाल के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहेंगे और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।