कबाब खाकर मजा नही आया तो कबाब बनाने वाले कारीगर की गोली मारकर कर दी हत्या!उत्तराखंड के काशीपुर की गाड़ी से कबाब खाने पहुंचे थे आरोपी!
उत्तरप्रदेश के बरेली जिले से चौकाने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बरेली के प्रेमनगर की मशहूर दुकान में इनोवा से आये युवकों ने कबाब खाकर 52 साल के शेफ की गोली मारकर सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उन्हें कबाब में मजा नहीं आया। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) राहुल भाटी ने बृहस्पतिवार को मीडिया के साथ कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बरेली के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के प्रियदर्शिनी नगर में कबाब की एक पुरानी दुकान है। बुधवार देर रात एक लग्जरी कार से पहुंचे दो लोगों ने दुकान पर कबाब खाया। कबाब खाने के बाद दोनों ने दुकान के मालिक अंकुर सबरवाल से कबाब का जायका ठीक नहीं होने की शिकायत की। शराब के नशे में धुत दोनों युवकों ने विवाद बढ़ने पर सबरवाल से मारपीट की और अपनी कार में बैठ गये। भाटी ने बताया कि दुकानदार अंकुर सबरवाल के मुताबिक, उसने कबाब बनाने वाले खानसामे नसीर अहमद को बिल के 120 रुपये लेने के लिये कार सवारों के पास भेजा। पैसे मांगने पर कार सवार दोनों लोगों ने अहमद से गाली-गलौज शुरू कर दी. भाटी के अनुसार, इसी बीच उनमें से एक युवक ने अहमद की कनपटी पर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद आरोपी कार लेकर भाग गये। अपर पुलिस अधीक्षक भाटी ने बताया कि वारदात के दौरान दुकान के अन्य कर्मियों ने कार की फोटो खींच ली थ। कार के नंबर के आधार पर जांच करने पर पता चला कि वह गाड़ी उत्तराखंड के काशीपुर की है।
पुलिस अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है अहमद के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।