डिग्री कॉलेज में 'खौफ' की दस्तक: छत पर बैठा दिखा आदमखोर तेंदुआ, दहशत में छात्र और स्टाफ

'Terror' Knocks at Degree College: Man-Eating Leopard Spotted on Rooftop; Students and Staff in Panic

काशीपुर। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में इन दिनों वन्यजीवों की सक्रियता ने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है। ताजा सनसनीखेज मामला काशीपुर के प्रतिष्ठित राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से सामने आया है, जहाँ कॉलेज की छत पर एक विशालकाय तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। परिसर में तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही कॉलेज प्रशासन और छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार,सोमवार को जब कॉलेज में गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही थीं, तभी कुछ लोगों की नजर मुख्य भवन की छत पर पड़ी। वहाँ एक तेंदुआ बेहद आराम से बैठा हुआ दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेंदुए को देखते ही पूरे परिसर में चीख-पुकार मच गई। कॉलेज प्रशासन ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए सभी छात्रों को सुरक्षित कमरों में रहने के निर्देश दिए और छत की ओर जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया। कॉलेज परिसर के पीछे का हिस्सा घनी झाड़ियों और वन क्षेत्र से सटा हुआ है। वन विभाग का अनुमान है कि तेंदुआ भोजन या ठिकाने की तलाश में जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में दाखिल हुआ और कॉलेज की दीवार फांदकर छत पर जा बैठा। परिसर के पीछे की झाड़ियों में तेंदुए की छिपने की आशंका को देखते हुए उस ओर जाने पर भी सख्त पाबंदी लगा दी गई है। कॉलेज की छत पर बैठे तेंदुए का वीडियो वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वायरल वीडियो में तेंदुआ बिना किसी डर के छत पर बैठा नजर आ रहा है। इस वीडियो ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि कॉलेज के आसपास घनी आबादी वाला क्षेत्र है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि टीम पूरे परिसर की निगरानी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पहले तेंदुए की वर्तमान लोकेशन और वीडियो की सत्यता की पूरी तरह पुष्टि की जा रही है, जिसके बाद पिंजरा लगाने या उसे सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज कर जंगल वापस भेजने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। वन विभाग की अपील: प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और छात्रों से अपील की है कि वे अकेले सुनसान रास्तों पर न जाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। फिलहाल कॉलेज परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और वन कर्मी गश्त कर रहे हैं।