स्केटिंग पर सनातन यात्राः बिहार और मध्य प्रदेश के तीन युवकों का अनोखा सफर! 48 दिनों बाद पहुंचे नैनीताल, अब केदारनाथ की ओर बढ़े कदम

 Skating on the eternal journey: Three young men from Bihar and Madhya Pradesh embark on a unique journey! They arrive in Nainital after 48 days and now head towards Kedarnath.

नैनीताल। उत्तराखंड की वादियों में इनदिनों आस्था, जुनून और अनोखे अंदाज का एक अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। बिहार और मध्य प्रदेश के तीन युवकों ने स्केटिंग के जरिए सनातन धर्म के प्रचार का अनूठा बीड़ा उठाया है। इनकी यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ी है, बल्कि युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने का एक प्रेरणादायक प्रयास भी बन गई है। करीब 48 दिन पहले शुरू हुई इस विशेष यात्रा में ये तीनों युवक लगातार स्केटिंग करते हुए लंबा सफर तय कर चुके हैं। उनका लक्ष्य देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारधाम से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करना है। अपनी इस कठिन और अनोखी यात्रा के दौरान उन्होंने कई राज्यों को पार किया और अब उत्तराखंड पहुंच चुके हैं। उत्तराखंड में प्रवेश के बाद ये युवक भीमताल होते हुए प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचे, जहां उन्होंने नीम करोली महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

इस दौरान स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी उनके इस प्रयास की सराहना की और उन्हें आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। युवकों का कहना है कि उनकी यह यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि एक संदेश है। वे चाहते हैं कि आज का युवा अपनी जड़ों, अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़े। स्केटिंग जैसे आधुनिक माध्यम को चुनकर वे यह दिखाना चाहते हैं कि परंपरा और आधुनिकता का संगम भी संभव है। यात्रा में शामिल एक युवक ने बताया कि हम पिछले 48 दिनों से लगातार स्केटिंग कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य सनातन धर्म का प्रचार करना और युवाओं को अपनी संस्कृति के प्रति जागरूक करना है। कैंची धाम के दर्शन के बाद अब हम केदारनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। इन युवकों की यह अनोखी यात्रा अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन चुकी है। जहां एक ओर उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण लोगों को प्रेरित कर रहा है, वहीं दूसरी ओर उनका संदेश समाज में सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा दे रहा है।