Sep 03, 2026 Login

सनसनीखेज वारदातः हाईवे किनारे जंगल में मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव! जांच में जुटी पुलिस की टीमें

Sensational incident: Body of property dealer found in forest along highway! Police teams engaged in investigation

हल्द्वानी। हल्द्वानी-रुद्रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज उस समय सनसनी फैल गई, जब लोगों ने हाईवे से लगे जंगल किनारे अज्ञात शव पड़ा देखा। जंगल में शव मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। घटना एस-बैंड के आगे की बताई जा रही है, जहां सड़क किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। राहगीरों द्वारा तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हल्द्वानी कोतवाल राजेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल के बाद मृतक की शिनाख्त कौशल कुमार सती के रूप में हुई है, जो जज फार्म हल्द्वानी के रहने वाला था और प्रॉपर्टी डीलिंग का व्यवसाय करता था। घटनास्थल के पास ही उसकी स्कूटी भी खड़ी मिली है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह अपने वाहन से मौके तक पहुंचा था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है। दूसरी ओर लालकुआं कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लालकुआं काशीपुर रेल मार्ग पर अवंतिका मंदिर के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात शव मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची लालकुआं जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।