आपदा में अवसरः तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालकर मछली पकड़ते दिखे लोग! गुल्लरभोज बौर जलाशय का वीडियो वायरल
गदरपुर। ऊधम सिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में स्थित गुल्लरभोज बौर जलाशय से पानी की निकासी के बाद एक हैरान करने वाला नजारा सामने आया है। जलाशय से तेज बहाव के साथ पानी छोड़े जाने के बीच दो दर्जन से अधिक लोग मछली पकड़ते हुए नजर आए। इस दौरान लोग तेज बहाव वाले पानी के बेहद करीब दिखाई दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। दरअसल, उत्तराखंड में इन दिनों लगातार बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश के कारण नदी-नाले और जलाशयों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे हालात में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग लगातार लोगों से नदी, नालों, जलाशयों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। इसके बावजूद बौर जलाशय में बड़ी संख्या में लोगों का मछली पकड़ने के लिए पहुंचना चिंता का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जलाशय से पानी की निकासी के दौरान तेज बहाव के बीच कई लोग मछली पकड़ने में जुटे हुए हैं। कुछ लोग पानी के किनारे खड़े होकर मछलियां तलाशते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास पानी का बहाव काफी तेज नजर आ रहा है। ऐसी स्थिति में जरा सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद बड़ी संख्या में मछलियां बहकर आसपास के क्षेत्र में पहुंचती हैं। इसी वजह से लोग मछली पकड़ने के लिए मौके पर पहुंच जाते हैं। लेकिन मछली पकड़ने के लालच में तेज बहाव के बीच जाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। अब सवाल यह उठ रहा है कि जब प्रशासन लगातार लोगों को सावधान कर रहा है, तो आखिर लोग अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज कर तेज बहाव वाले पानी में क्यों पहुंच रहे हैं? क्या कुछ मछलियों के लिए अपनी जान को खतरे में डालना उचित है?