बारिश ने बढ़ाई दुश्वारियांः नाले और नहर ने लील ली दो मासूमों की जिंदगियां! नैनीताल में उफान पर नदियां, भूस्खलन से कई मार्ग अवरूद्ध
देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। देहरादून में नाले और नहर के तेज बहाव में बहने से दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद बच्चों के शव बरामद किए जा सके। वहीं नैनीताल जिले में भी भारी बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर हैं। शिप्रा, गौला, कोसी, दाबका और कालसा नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कई सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई है और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है। देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में भारतीय वन्यजीव संस्थान परिसर से मंगलवार दोपहर 12 वर्षीय सम्राट गोपी जीवी के लापता होने की सूचना मिली। बताया गया कि सम्राट के पिता संस्थान में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार करीब तीन बजे बच्चे के लापता होने के बाद परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। इसके बाद परिजनों ने बच्चे की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की और पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस ने संस्थान परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हालांकि, फुटेज में बच्चे के परिसर से बाहर जाने के स्पष्ट सुराग नहीं मिले। जांच के दौरान परिसर से होकर गुजरने वाले नाले में बच्चे के गिरने की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नाले और उससे जुड़े जल प्रवाह वाले क्षेत्रों में तलाश शुरू की। सर्च ऑपरेशन में ड्रोन की भी मदद ली गई। कई घंटे की तलाश के बाद एसडीआरएफ को बडोवाला के पास डीएसपी चौक की बरसाती नदी में बच्चे का शव मिला। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बच्चा तेज बहाव की चपेट में आने के बाद पानी के साथ बहकर यहां तक पहुंचा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के गूलरघाटी रोड, बालावाला की है। यहां मंगलवार को 10 वर्षीय केपी नहर में गिर गया था। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तेज बहाव और अंधेरे के बीच रात तक तलाश जारी रही। एसडीआरएफ ने करीब एक किलोमीटर दूर गूलरघाटी नहर से बच्चे का शव बरामद किया। पुलिस के अनुसार, बच्चा मूल रूप से लखीमपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं। बताया गया है कि बच्चा शारीरिक रूप से दिव्यांग था। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए बच्चों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए।
नैनीताल में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
उधर, नैनीताल जिले में भी लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। बीते 24 घंटे में कई क्षेत्रों में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। भारी बारिश के बाद जिले की प्रमुख नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कैंची धाम क्षेत्र में शिप्रा नदी तेज बहाव में है। हल्द्वानी में गौला नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जबकि रामनगर क्षेत्र में कोसी और दाबका नदियां भी उफान पर हैं। पदमपुरी क्षेत्र में कालसा नदी में भी पानी का बहाव तेज हो गया है। नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की सुबह साढ़े नौ बजे जारी रिपोर्ट के मुताबिक, नैनीताल स्नो व्यू में 217 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हल्द्वानी-काठगोदाम में 166 मिलीमीटर, मुक्तेश्वर और चोरगलिया में 107.7 मिलीमीटर, कैंची धाम में 105 मिलीमीटर और खनस्यू में 92.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण जिले के कई मार्ग प्रभावित हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, तीन राज्य मार्ग, दो मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग और 41 ग्रामीण मार्ग बाधित हैं। संबंधित विभागों की टीमें जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मार्गों को खोलने में जुटी हुई हैं।