उत्तराखण्ड में सनसनीखेज मामलाः पुल के नीचे मिली लाश, सामने आया आरोपों से भरा वीडियो! मौत से पहले युवक ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, थानाध्यक्ष लाइन हाजिर

Sensational case in Uttarakhand: A dead body was found under a bridge, a video full of allegations surfaced! Before his death, a young man made serious allegations against the police, and the station

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां सतपुली क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पुल के नीचे मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान रैतपुर, सतपुली निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है। युवक के शव के साथ हेलमेट भी मिला, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। प्राथमिक तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन सामने आए एक वीडियो ने पूरे प्रकरण को गंभीर और संवेदनशील बना दिया है। पुलिस के अनुसार सतपुली थाना क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित पुल के नीचे युवक का शव देखा गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ और फायर सर्विस की मदद से शव को नीचे से बाहर निकाला। साथ ही एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य एकत्र किए गए। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय चिकित्सालय कोटद्वार भेजा गया, जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब मृतक युवक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवक ने सतपुली थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि युवक अपनी बाइक से बेहद लगाव रखता था और सोशल मीडिया पर ‘BORN_2_RIDE’ नाम से सक्रिय था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस द्वारा उसकी बाइक सीज किए जाने के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार शाम को पुलिस ने पंकज को नशे की हालत में बाइक चलाते हुए पकड़ा था और चालान करते हुए उसकी बाइक सीज कर दी थी। इसके बाद से वह तनाव में था। शनिवार सुबह वह बिना बताए घर से निकल गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। मृतक की मां पुष्पा ने बताया कि जब वह घर की छत पर गईं तो उन्हें पुल के नीचे एक युवक का शव दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इधर पुलिस ने भी अपना पक्ष रखा है। पुलिस के अनुसार 1 मई को पंकज कुमार शराब के नशे में बाइक चला रहा था और उसने एक स्थानीय चिकित्सक को टक्कर मार दी थी, जिसमें चिकित्सक घायल हो गए थे। मेडिकल जांच में पंकज के नशे में होने की पुष्टि हुई थी, जिसके आधार पर नियमों के तहत बाइक सीज की गई। पुलिस का कहना है कि बाद में घायल चिकित्सक और पंकज के बीच आपसी समझौता हो गया था और किसी ने कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की थी।

इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सर्वेश पंवार ने मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पोस्टमार्टम भी डॉक्टरों के पैनल से कराया जा रहा है, जिसकी वीडियोग्राफी की जा रही है। एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से सतपुली थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है, जिसमें वायरल वीडियो में लगाए गए आरोप भी शामिल हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।