सनसनीखेजः रुद्रपुर के फाइव स्टार होटल में महिला की संदिग्ध मौत! दिल्ली से बिजनेस पार्टनर के साथ कैंची धाम दर्शन को आई थी मृतका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां फाइव स्टार होटल ‘रेडिशन ब्लू’ में अपने बिजनेस पार्टनर के साथ रुकी दिल्ली निवासी महिला की संदिग्ध मौत हो गई। बताया जाता है कि महिला कैंची धाम घूमने आई थी और होटल में रूकी थी। अब पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस को होटल में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की जानकारी मिली थी, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है। महिला की पहचान 40 वर्षीय ज्योति शर्मा, निवासी नई हनुमान मंदिर लोदी रोड़ के रूप में हुई है। महिला अपने बिजनेस पार्टनर अमित चौधरी, निवासी ग्राम जौनपुर, छतरपुर (दिल्ली) के साथ उत्तराखंड के भवाली स्थित कैंची धाम मंदिर में दर्शन के लिए आई थी और दिल्ली से आते समय दोनों रुद्रपुर के रेडिसन ब्लू होटल में रुक गए। इस दौरान ज्योति की तबियत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। फिलहाल डॉक्टर के पैनल से मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई को करेगी। वहीं मामले की सूचना पर मृतका के भाई और परिजन दिल्ली से रुद्रपुर पहुंचे हैं। भाई का आरोप है कि उनकी बहन को मारा गया है। भाई के मुताबिक मृतका और उसके बिजनेस पार्टनर के बीच पहले भी दिल्ली में विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत भी की गयी थी। फिलहाल मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पायेगी।