चारधाम यात्रा में टूटा रिकॉर्ड: केदारनाथ पहुंचने वाले भक्तों का आंकड़ा 10 लाख पार; सीएम धामी ने की हाई-लेवल समीक्षा
उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस साल सफलता और आस्था के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। खराब और प्रतिकूल मौसम की चुनौतियों के बावजूद बाबा के भक्तों का उत्साह चरम पर है। इसी बीच, यात्रा को और अधिक सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यात्रा रूट पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
यात्रा कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इस सीजन में अकेले बाबा केदारनाथ के दर्शन करने वाले भक्तों की संख्या 10,00,497 (शनिवार शाम पांच बजे तक) पहुंच चुकी है। शनिवार को ही 11 हजार से अधिक महिलाओं समेत कुल 24,066 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर पर मत्था टेका।इस वर्ष की यात्रा में सबसे खास बात यह रही कि पहाड़ों पर मौसम की प्रतिकूलता भी भक्तों के कदम नहीं रोक पाई। चारों धामों (केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री) को मिलाकर अब तक कुल 26,86,259 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। गत 23 मई को तो इतिहास रच गया जब एक ही दिन में दर्शन करने वाले भक्तों की संख्या 1 लाख को पार कर गई, जिसके अगले ही दिन यानी 24 मई रविवार को भी 98 हजार से अधिक भक्तों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से कहा कि देश-दुनिया से आ रहे तीर्थयात्रियों को देवभूमि में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक तंत्र को अलर्ट मोड पर रहने और लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व कतार प्रबंधन को और बेहतर करने को कहा है ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर अपने गंतव्य को लौट सके।