नैनीताल में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का सख्त एक्शन: 50 कमरों वाला डायनेस्टी होटल सील! बिजली कटने से फ्लैट में रह रहे बुजुर्ग और बीमार लोगों को हो रही परेशानी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के समीपवर्ती गांव खुर्पाताल में स्थित डायनेस्टी होटल का सिविल ट्रीटमेंट प्लांट के मानक अनुरूप कार्य न करने पर पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड बड़ी कार्यवाही अमल में लाई है। जिसके चलते होटल के विद्युत कनेक्शन और मुख्य गेट को सील कर व्यवसाय के प्रयोग पर रोक लगा दी है। इस दौरान मौके पर पहुंची टीम और होटल प्रबंधकों में तीखी नोंकझोंक देखने को मिली। विभागीय कार्रवाई पर होटल प्रबंधन ने पीसीबी पर एक तरफा कार्रवाई के आरोप लगाए हैं। बताते चलें कि पीसीबी की जांच में होटल के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के सही से कार्य नहीं करने के तथ्य सामने आए थे। बीते वर्ष हुई जांच में प्लांट से लिए लिए गए सेंपल फेल होने के बाद विभाग की ओर से होटल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। प्रशासन द्वारा सील किए जाने के मामले में अब होटल प्रबंधन का पक्ष भी सामने आया है। उन्होंने प्रशासन से बिजली और रास्ता बहाल करने की मांग भी की है, ताकि आवश्यक दस्तावेज तैयार कर नियमों का पालन किया जा सके। उनका कहना है कि परिसर में रहने वाले कई फ्लैट मालिक बुजुर्ग और बीमार हैं, जिनमें डायबिटीज मरीज भी शामिल हैं। ऐसे में बिजली बंद रहने से उन्हें गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिन्होंने परिसर में फ्लैट खरीदे हुए हैं। प्रशासन ने बिना पर्याप्त अवसर दिए सीधे कार्रवाई कर दी, जबकि यदि कमियों की जानकारी समय रहते दी जाती तो उन्हें सुधारा जा सकता था। होटल प्रबंधन का आरोप है कि मार्च 2025 से लेकर मई 2026 तक उन्हें किसी प्रकार का नियमित पत्राचार या नोटिस प्राप्त नहीं हुआ। प्रबंधन का दावा है कि 7 मई को उन्हें एक पत्र बाइहैंड दिया गया, जिस पर 28 तारीख अंकित थी और उसी में गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद होटल प्रबंधन ने तत्काल कमर्शियल संचालन रोक दिया। पीसीबी हल्द्वानी के क्षेत्रीय अधिकारी अनुराग नेगी ने बताया कि 50 कमरों के होटल को सील कर सभी व्यवसायिक गतिविधि बंद कर दी गई है। होटल के एक प्लोर पर निजी फ्लैट भी है। जिनका पानी होटल से ही होकर जाता है। कुछ देर जनरेटर चलाकर पानी पंप करने की अनुमति दी गई है।