सियासतः राहुल गांधी की यात्रा का विरोध! भाजपाईयों ने गंगाजल से धोई सड़क, राम भक्तों ने लहराया भगवा झंडा

वाराणसी। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज यूपी के वाराणसी पहुंची। इस दौरान भाजपाईयों ने यात्रा का अलग ही अंदाज में विरोध किया। जहां से कांग्रेस की यात्रा निकली वहां पर भाजपाइयों ने गंगाजल छिड़का। सुबह राहुल गांधी की न्याय यात्रा के निकलने के थोड़ी देर बाद ही जहां राम भक्तों ने उन्हें जय श्री राम लिखा हुआ भगवा झंडा लहराकर दिखाया। इसके बाद भाजपाइयों ने राहुल गांधी के उस पड़ाव का शुद्धिकरण किया, जहां से उन्होंने अपना संबोधन दिया था। दरअसल, राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शहर के गोदौलिया चौराहे पर कुछ देर ठहरी थी। इस दौरान राहुल गांधी ने वहां अपना संबोधन दिया था। इसके बाद जैसे ही यात्रा आगे बढ़ी, वैसे ही वहां पहले से जुटे हुए भाजपाई पहुंच गए और गोदौलिया चौराहे को गंगाजल से धोना शुरू कर दिया। ऐसा करने के पीछे भाजपाइयों की दलील थी कि राहुल गांधी जैसे भ्रष्ट और गौ-हत्यारों का साथ देने वाले के काशी में आ जाने से काशी अशुद्ध हो गई है। इसलिए उन लोगों की तरफ से 51 लीटर गंगाजल से चौराहे पर शुद्धिकरण किया गया है।