दिल्ली में फिर 'अग्निकांड': तुगलकाबाद की 5 मंजिला इमारत में भीषण आग,दम घुटने से 3 की मौत

Another fire tragedy in Delhi: Massive blaze in a 5-storey building in Tughlakabad; 3 die of suffocation.

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में दिल दहला देने वाले अग्निकांडों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां गुरुवार देर रात एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में एक पुरुष और दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दम घुटने और झुलसने से घायल हुए कई अन्य लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

दमकल विभाग को गुरुवार देर रात करीब 2:25 बजे इस पांच मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना मिली। चश्मदीदों के मुताबिक, रात करीब 2:00 बजे अचानक ग्राउंड फ्लोर पर बनी पार्किंग में खड़े वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में तेज धमाके होने लगे। इस ब्लास्ट में 8 गाड़ियां जलकर राख हो गईं। चश्मदीद रेनू ने बताया कि आग लगते ही आस-पास के लोग जाग गए और अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि अंदर जाना नामुमकिन था। चश्मदीद सौरभ ने बताया कि बिल्डिंग के भीतर भयानक धुआं भर गया था और लोग ऊपरी मंजिलों पर फंस गए थे। जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने छत से साड़ी लटकाई और उसके सहारे नीचे उतरने की कोशिश की। संकरी गली होने के बावजूद दिल्ली फायर सर्विस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत 3 वॉटर टेंडर, 2 वॉटर बाउजर, 1 ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट और एक क्विक रिएक्शन व्हीकल को मौके पर रवाना किया। आग ग्राउंड फ्लोर से होते हुए पहली और दूसरी मंजिल तक फैल चुकी थी, जिससे पूरी बिल्डिंग में जहरीला धुआं भर गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकल जवानों ने जान जोखिम में डालकर पड़ोसी इमारतों के सहारे छत पर पहुंच बनाई। जवानों ने टेरेस (छत) के गेट का ताला काटा और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। दमकल विभाग ने सुबह 3:45 बजे आग पर काबू पाया और सुबह 4:00 बजे ऑपरेशन पूरा हुआ। दमकल और पुलिस की टीम ने मौके से 8 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया था, जिनमें से तीन को बचाया नहीं जा सका। यहां के बर्न और प्लास्टिक सर्जरी वार्ड में भर्ती 3 मरीजों में से एक पुरुष ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बर्न वार्ड में भर्ती कराई गईं 5 महिलाओं में से 2 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य 3 महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पार्किंग में खड़े वाहनों में शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से आग लगी थी, जिसने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के असली कारणों की जांच शुरू कर दी है।