Aug 21, 2026 Login

नालंदा में मातम: तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, एक ही परिवार के तीन किशोरों की दर्दनाक मौत

Mourning in Nalanda: Speeding bike crashes into a tree; three teenagers from the same family die tragically.

नालंदा। बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहाँ एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन किशोरों की जान चली गई। तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के गंगा बिगहा गांव के निकट पुल के पास हुई इस दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक के कारण हुए इस हादसे में तीन घरों के चिराग एक झटके में बुझ गए।

मृतकों की पहचान तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के कोठारी गांव निवासी अंकुश कुमार,सन्नी कुमार और तन्नू कुमार के रूप में हुई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, तीनों आपस में चचेरे भाई थे। बुधवार की शाम तीनों किशोर एक ही बाइक पर सवार होकर घर से तेल्हाड़ा बाजार घूमने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक गंगा बिगहा पुल के पास पहुंची, रफ्तार तेज होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित होकर बाइक सीधे सड़क किनारे एक ताड़ के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक किशोर की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजित कुमार टिंकू पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से लहूलुहान हालत में तड़प रहे अन्य दो किशोरों को तुरंत नजदीकी मॉडल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन दोनों को भी मृत घोषित कर दिया। एक साथ एक ही आंगन से तीन सगे चचेरे भाइयों की मौत की खबर जैसे ही कोठारी गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में चूल्हे तक नहीं जले। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे कम उम्र के बच्चों को बाइक न दें और रफ्तार पर नियंत्रण रखें।