बिहार में राजनीतिक हलचल तेजः नीतीश कुमार का इस्तीफा! सम्राट चौधरी बन सकते हैं नए सीएम, निशांत और विजय चौधरी डिप्टी सीएम की रेस में आगे

Political turmoil intensifies in Bihar: Nitish Kumar resigns! Samrat Chaudhary could become the new CM, Nishant and Vijay Chaudhary are leading the race for Deputy CM.

नई दिल्ली। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है और अब नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे आगे चल रहा है। यदि ऐसा होता है, तो यह पहली बार होगा जब भारतीय जनता पार्टी बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाएगी। वहीं, डिप्टी सीएम को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को डिप्टी सीएम पद के लिए मना लिया गया है। पहले वे संगठन में काम करने के इच्छुक थे, लेकिन अब उन्हें सरकार में शामिल करने की तैयारी है। इसके साथ ही वरिष्ठ नेता विजय चौधरी का नाम भी डिप्टी सीएम पद के लिए तय माना जा रहा है। यानी बिहार में एक बार फिर दो डिप्टी सीएम की व्यवस्था देखने को मिल सकती है। राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज शाम तक नए मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम के नामों का आधिकारिक ऐलान होने की संभावना है। इस बीच संजय सराओगी ने जानकारी दी है कि भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार दोपहर 3 बजे पार्टी कार्यालय में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा।
बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए की बैठक होगी, जहां अंतिम मुहर लगाई जाएगी। सूत्रों का यह भी कहना है कि बिहार को 15 अप्रैल तक नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। वहीं शपथ ग्रहण को लेकर भी तस्वीर लगभग साफ है। बताया जा रहा है कि नामों के ऐलान के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम शपथ ले सकते हैं। मंत्रिमंडल विस्तार बाद में, संभवतः मई के पहले सप्ताह में किया जाएगा। नीतीश कुमार के इस्तीफे के साथ ही यह भी संकेत मिल रहे हैं कि वे अब राष्ट्रीय राजनीति की ओर रुख कर सकते हैं और राज्यसभा के जरिए दिल्ली में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। फिलहाल, बिहार की राजनीति एक नए दौर में प्रवेश करती नजर आ रही है, जहां सत्ता की बागडोर पहली बार पूरी तरह से भाजपा के हाथों में जा सकती है। अब सभी की नजरें आज शाम होने वाले बड़े ऐलान पर टिकी हैं।