Oct 08, 2026 Login
Awaaz24x7-government

दर्दनाक कहानी: उत्तराखंड में प्यार का खौफनाक अंत! पहले प्रेमी के नाम का हाथ में गुदवाया टैटू फिर भाई के साथ मिलकर उसी की कर दी हत्या 

Painful story: Horrible end of love in Uttarakhand! First got her lover's name tattooed on her hand and then murdered her along with her brother.

क्रोध की इंतहा कह लीजिए या बेवफाई का दर्द। जिस प्रेमी के नाम का टैटू प्रेमिका ने अपनी कलाई पर गुदवाया, उसी प्रेमी को मौत के घाट उतारने की पूरी साजिश भी रची। उत्तराखंड के मसूरी में एक युवक की होम स्टे में गला रेतकर हत्या कर दी गई। आलम ये था की इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की बेरहमी से गला रेतकर हत्या की गई थी और इस हत्या के पीछे उसके किसी बहुत खास का हाथ था। मसूरी पुलिस को रविवार को सूचना मिली थी कि भट्टा गांव में स्थित होम स्टे के रूम में एक युवक की लाश खून से लथपथ पड़ी है। पुलिस ने जांच की तो इसकी पहचान कपिल चौधरी के रुप में हुई। पुलिस ने खुलासा किया कि युवक की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते हुई और इसके पीछे उसकी प्रेमिका कुदरत का हाथ है।

दरअसल कुदरत ने भाई अब्दुल्ला के साथ मिलकर जिस प्रेमी की हत्या की, उसका कहना है कि वह उसे अपना पति मान चुकी थी। कुदरत ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि कपिल भी उसे चाहता था, इसलिए कई बार अपने घर रुड़की भी लेकर गया। लेकिन, जब कपिल के घर पर कुदरत को लेकर कलेश होने लगा तो उसने दूरी बनानी शुरू कर दी। पहले दोनों के बीच फोन पर घंटों बातचीत होती थी, लेकिन पिछले कुछ समय से कपिल ने फोन करना तकरीबन बंद कर दिया था। इसके बाद जब उसने कुदरत को बताया कि कहीं और शादी करने जा रहा है तो उसने आपा खो दिया। कपिल अपनी कार से टैक्सी सर्विस देता था। इसलिए उसका दिल्ली आना-जाना लगा रहता था। कुदरत ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में दिल्ली की एक मोबाइल की दुकान में कपिल उससे टकराया। कुदरत वहां मोबाइल रिचार्ज कराने पहुंची थी और कपिल भी। पहली मुलाकात में ही दोनों के बीच दोस्ती हो गई, जो अगले कुछ दिनों में प्यार में बदल गई। गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली कुदरत पढ़ी-लिखी नहीं है। कपिल से मुलाकात के बाद उसने दुनिया देखनी शुरू की। कपिल कभी उसे धनोल्टी तो कभी मसूरी लेकर जाता था। जब कपिल ने उससे कहा कि कहीं और शादी करने जा रहा है तो उसे लगा कि उसकी दुनिया खत्म होने वाली है। दोनों जिस होम स्टे में ठहरे थे, वहां भी उसने कपिल को मनाने की कोशिश की। कपिल के नहीं मानने पर उसने इस हत्या को अंजाम दिया। जिसके साथ कुदरत अपनी पूरी जिंदगी जीना चाहती थी, उसी को उसने मौत के घाट उतार दिया। कुदरत और कपिल के 'रिश्ते' की गहराई का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कुदरत ने बायें हाथ की हथेली से थोड़ा ऊपर कपिल का नाम गुदवा रखा है। लेकिन, विरोध के डर से वह घर वालों को कपिल का असली नाम नहीं बता पाई। घर पर उसका नाम सलमान बताया हुआ था। कुदरत के घर वालों को दोनों के बारे में मालूम था, इसलिए कपिल उसके घर जाता रहता था।