नैनीताल में ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल: कैंचीधाम रोड पर बाहरी वाहनों की मनमानी! स्थानीय टैक्सी चालकों के साथ सख्ती के आरोप, सोशल मीडिया पर छिड़ी तीखी बहस

Nainital's traffic system is in question: Outside vehicles are acting rashly on Kainchi Dham Road! Allegations of harsh treatment of local taxi drivers spark a heated debate on social media.

नैनीताल। नैनीताल जिले में पर्यटन सीजन के बीच यातायात व्यवस्था को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर “Sonu Matiyal” नाम के युवक द्वारा साझा किए गए एक वीडियो और पोस्ट ने स्थानीय स्तर पर चर्चा छेड़ दी है। पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि कैंची धाम रोड पर बाहरी वाहन नियमों की अनदेखी करते हुए चल रहे हैं, जबकि स्थानीय टैक्सी चालकों के साथ सख्ती बरती जा रही है।

वायरल पोस्ट के अनुसार, युवक का दावा है कि बाहरी गाड़ियां बड़ी संख्या में प्रवेश कर रही हैं और सड़क पर अव्यवस्था फैला रही हैं, लेकिन प्रशासन उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि गाड़ी में बैठे लोग खिड़कियों से बाहर निकले हुए है और जान की परवाह किए बिना मस्ती करते हुए वीडियो बना रहे हैं,गाड़ी दिल्ली की बताई जा रही है नंबर प्लेट दिल्ली का दिखाई दे रहा है। वहीं स्थानीय टैक्सी संचालकों को एंट्री न देने या अनावश्यक रूप से परेशान करने के आरोप भी लगाए गए हैं। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि यदि व्यवस्था बनानी है तो सभी के लिए समान नियम लागू होने चाहिए, न कि केवल स्थानीय लोगों पर सख्ती दिखाई जाए।

यह मुद्दा ऐसे समय में उठा है जब नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। खासकर कैंची धाम मार्ग पर सीजन के दौरान भारी भीड़ रहती है, जिससे ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था आम हो जाती है। स्थानीय लोगों और टैक्सी यूनियनों की ओर से पहले भी कई बार बाहरी वाहनों के नियंत्रण और परमिट सिस्टम को सख्ती से लागू करने की मांग उठती रही है। अब सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस तेज हो गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या प्रतिक्रिया देता है और क्या वास्तव में बाहरी व स्थानीय वाहनों के बीच कोई भेदभाव किया जा रहा है या नहीं।