नैनीताल:11 जनवरी को उत्तराखंड बंद!पुलिस अलर्ट,कुमाऊँ में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था,सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर,कानून हाथ में न लें-आईजी कुमाऊं

Nainital: Uttarakhand bandh on January 11th! Police on high alert, tight security arrangements in Kumaon, social media being monitored, do not take the law into your own hands - IG Kumaon

आगामी 11 जनवरी 2026 को विभिन्न संगठनों द्वारा प्रस्तावित ‘उत्तराखंड बंद’ के मद्देनज़र उत्तराखंड पुलिस ने प्रदेशभर में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां कर ली हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनमानस की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बाजार क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या आम जनता को होने वाली असुविधा को रोका जा सके। पुलिस सभी हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
कुमाऊँ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन इसकी आड़ में किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बंद समर्थकों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
आईजी कुमाऊँ ने वाहन चालकों, व्यापारियों और आम नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे ऐसा कोई कृत्य न करें जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो या जनसामान्य को परेशानी का सामना करना पड़े। शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
इसके साथ ही पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ, अफवाह फैलाने वाली या उकसाने वाली पोस्ट से बचने की सख्त हिदायत दी है। ऐसे मामलों पर पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।