कुमाऊं में रफ्तार का कहर: कैंची धाम के पास गहरी खाई में गिरा दूध का वाहन, रुद्रपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत
हल्द्वानी/रुद्रपुर। उत्तराखंड के कुमाऊं अंचल में देर रात और सुबह हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों से हड़कंप मच गया। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम के पास जहां दूध लेकर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा,वहीं रुद्रपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
नैनीताल जिले में कैंची धाम के पास देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लालकुआं से दूध लेकर जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पिकअप सवार तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से भवाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 लालकुआं से दूध लेकर कैंची धाम की ओर जा रहा था। बताया गया कि रात करीब दो बजे कैंची धाम मंदिर के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने राहत एवं बचाव दल को सूचना दी। उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ जवानों ने काफी मशक्कत के बाद पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में 33 वर्षीय अंकित सिंह, बॉबी और 10 वर्षीय मोहम्मद साकिब घायल हुए हैं। रेस्क्यू के बाद तीनों को एंबुलेंस की मदद से भवाली अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। कैंची धाम क्षेत्र में पहाड़ी सड़क पर रात के समय यह हादसा हुआ। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस की ओर से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। राहत टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस अब हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना किस वजह से हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल प्राथमिकता घायलों को उपचार उपलब्ध कराना रही। हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर रात के समय वाहन चलाते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।
वही दूसरा हादसा जनपद ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में हुआ। जहा बाइक से जा रहे 45 वर्षीय रामकिशोर गंगवार को पीछे से आ रही धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि रामकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामकिशोर पिछले करीब 25 वर्षों से रुद्रपुर में रह रहे थे और गल्ला मंडी की भगवती एंटरप्राइजेज में लंबे समय से मुंशी के रूप में काम करते थे। हादसा छह अक्टूबर सुबह करीब 10:15 बजे हुआ। रुद्रपुर गल्ला मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गिग्गा ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि रामकिशोर लंबे समय से मंडी से जुड़े हुए थे। वहीं भगवती एंटरप्राइजेज से जुड़े दीपक ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने रामकिशोर को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर-ट्रॉली के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं इस मामले में ट्रांजिट कैंप कोतवाल मुकेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।