Oct 06, 2026 Login
Awaaz24x7-government

सनसनीखेजः देहरादून में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर! लूट के इरादे से घर में घुसा था बदमाश, बुजुर्ग दंपती और नौकरानी को उतारा मौत के घाट

Sensational: Triple murder in broad daylight in Dehradun! Miscreant entered the house with the intent to rob; killed an elderly couple and the maid.

देहरादून। राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े हुई ट्रिपल मर्डर की वारदात से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। कॉलोनी के मकान नंबर-16 में लूट के इरादे से घुसे एक आरोपी ने 85 वर्षीय बुजुर्ग रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला पर पेचकस से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसियों की मदद से आरोपी को मौके से कुछ दूरी पर पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद रायपुर थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में वारदात के पीछे लूट का इरादा सामने आया है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर-16 में रमेश कपूर अपनी पत्नी रजनी कपूर के साथ रहते थे। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे एक युवक उनके घर में दाखिल हुआ। उस समय घर में कपूर दंपती और उनकी घरेलू सहायिका शीला मौजूद थी। आरोप है कि आरोपी ने घर में घुसने के बाद रजनी कपूर के गले से चेन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने पेचकस से उन पर हमला कर दिया। रजनी की चीख-पुकार सुनकर घरेलू सहायिका शीला मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने रमेश कपूर को भी निशाना बनाया। देखते ही देखते तीनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। रमेश कपूर ऑर्डिनेंस फैक्टरी से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं। उनके दो बेटे हैं, जो पुणे और दिल्ली में रहते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में भी कोहराम मच गया। घटना के दौरान घर से आ रही चीख-पुकार और शोर सुनकर पड़ोसी भारती भंडारी बाहर निकलीं। उनके मुताबिक उन्होंने देखा कि एक युवक घर में काम करने वाली महिला पर पेचकस से हमला कर रहा था। यह दृश्य देखकर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों को भी घटना की जानकारी हुई और वे कपूर निवास की ओर दौड़ पड़े। लोगों को अपनी तरफ आता देखकर आरोपी मौके से भागने लगा। आरोप है कि उसने पेचकस दिखाकर लोगों को डराने का प्रयास किया। हालांकि आसपास के लोगों ने पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। आरोपी को पकड़ने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी को पकड़ने के दौरान स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई भी की। इधर, घर के अंदर गंभीर हालत में पड़े तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश शुरू की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन करीब 10 मिनट इंतजार के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी अपने निजी वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने घर के भीतर और आसपास से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ ही आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। इसके अलावा घर से क्या-क्या सामान गायब हुआ है और वारदात के पीछे केवल लूट ही मकसद था या इसके पीछे कोई दूसरा कारण भी है, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

दिनदहाड़े वारदात से दहशत
विष्णु लोक कॉलोनी जैसे आबादी वाले इलाके में दोपहर के समय हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है। एक ही घर में बुजुर्ग दंपती और घरेलू सहायिका की मौत से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपी से पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। पुलिस की जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटना में आरोपी की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।