Oct 06, 2026 Login
Awaaz24x7-government

पंतनगरः किसान मेले में कार हटाने को लेकर बवाल! युवकों और युवतियों में कहासुनी के बाद हाथापाई, अभद्रता के आरोप में मुकदमा दर्ज

Pantnagar: Uproar over moving a car at the farmers' fair! A verbal altercation between young men and women escalated into a scuffle; a case has been registered on charges of misconduct.

पंतनगर। पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे किसान मेले में कार हटाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। रास्ते में कार खड़ी कर सामान लोड करने को लेकर कार सवार चार युवकों और रुद्रपुर निवासी तीन युवतियों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। युवतियों ने युवकों पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, किसान मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, जिसके चलते परिसर में लगातार भीड़ बनी हुई है। इसी दौरान रुद्रपुर निवासी तीन युवतियां मेले में लगाए गए अपने स्टॉल के लिए सामान लेने पहुंचीं। भीड़ अधिक होने के कारण उन्होंने अपनी कार रास्ते में खड़ी कर दी और उसमें सामान लोड करने लगीं। इसी दौरान कार में सवार चार युवकों ने उनसे कार हटाने को कहा। बताया गया कि कार हटाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। युवतियों का आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने उनके साथ अभद्रता की। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए चारों युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।