नैनीताल व्यापार मंडल विवाद: कार्यकाल बढ़ाने की खबर फर्जी,जिलाध्यक्ष ने दी सफाई

Nainital Traders' Association Dispute: Reports of Term Extension Are False; District President Issues Clarification

नैनीताल: प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की तल्लीताल और मल्लीताल नगर इकाइयों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब संगठन की ओर से स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता और जिला महामंत्री ने संयुक्त रूप से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि दोनों नगर इकाइयों का कार्यकाल 2 वर्ष के लिए बढ़ाए जाने की खबर पूरी तरह गलत और भ्रामक है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई बैठक में तल्लीताल और मल्लीताल इकाइयों के एकीकरण को लेकर दोनों इकाइयों के अध्यक्षों को आपसी सहमति से निर्णय लेने और उसे लिखित रूप में जिला संगठन को सौंपने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन इस निर्णय को तोड़-मरोड़ कर कार्यकाल बढ़ाने की सूचना प्रसारित की जा रही है, जो कि सही नहीं है।
जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार अब दोनों इकाइयों में विधिवत सदस्यता अभियान तत्काल प्रभाव से शुरू किया जा रहा है। इस आदेश का पालन सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के लिए अनिवार्य होगा। यदि कोई इसका उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि सदस्यता अभियान पूर्ण होने के बाद ही दोनों इकाइयों के एकीकरण के विषय पर आगे चर्चा की जाएगी। फिलहाल संगठन का पूरा फोकस सदस्यता प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर है।