नैनीताल:खेल के साथ थेरेपी भी!दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष इंक्लूसिव पार्क की मांग!नगर पालिका सभासद ने दिया कुमाऊं कमिश्नर को प्रस्ताव!

Nainital: Therapy Through Play! Demand for a Special Inclusive Park for Children with Disabilities! Municipal Councilor Submits Proposal to Kumaon Commissioner.

नैनीताल में दिव्यांग बच्चों के बेहतर भविष्य और सुविधाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। नगर पालिका परिषद नैनीताल की सभासद गजाला कमाल ने कुमाऊं आयुक्त को पत्र भेजकर शहर में दिव्यांग बच्चों हेतु विशेष “इंक्लूसिव पार्क” बनाए जाने की मांग की है।

गज़ाला कमाल ने अपने प्रार्थना पत्र में उन्होंने कहा कि नैनीताल में आज तक दिव्यांग बच्चों के लिए न तो कोई विशेष विद्यालय है और न ही पर्याप्त थेरेपी सेंटर व विशेषज्ञ चिकित्सकों की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। ऐसे में दिव्यांग बच्चों को सामान्य जीवन की बुनियादी सुविधाओं और खुशियों से वंचित रहना पड़ता है।

सभासद गजाला कमाल ने प्रस्ताव रखा है कि शहर में दिव्यांग बच्चों के लिए एक विशेष सुगम पार्क विकसित किया जाए, जहां बच्चे खेल के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक रूप से भी लाभ प्राप्त कर सकें। इसके लिए उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क को उपयुक्त स्थान बताया है।

पत्र में ये भी कहा गया है कि यह स्थान मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण बच्चों को लाने-ले जाने में सुविधाजनक रहेगा। साथ ही पार्क के सामने बी.डी. पांडे अस्पताल स्थित होने से किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।

प्रस्तावित इंक्लूसिव पार्क में दिव्यांग बच्चों के अनुरूप विशेष एडवांस झूले (Therapeutic Swings), मनोरंजन के साथ व्यायाम और थेरेपी देने वाले उपकरण, व्हीलचेयर अनुकूल मार्ग (Accessible Pathways) तथा समय-समय पर फिजियोथेरेपी और काउंसलिंग शिविर आयोजित किए जाने की मांग की गई है। इस मौके पर सभासद गजाला कमाल के साथ सभासद लता दफोटी और गीता उप्रेती भी मौजूद रहीं।