नैनीताल:माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने होटल-रेस्टोरेंट कारोबार के लिए 70% गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील,प्रशासन ने दिया समाधान का भरोसा
नैनीताल
आगामी ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन को लेकर नैनीताल के व्यापारियों ने कमर्शियल गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग तेज कर दी है। माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए गैस वितरण प्रणाली को अधिक सुगम और व्यवसायियों के अनुकूल बनाने की अपील की है।
पुनीत टंडन संस्थापक अध्यक्ष ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी समर सीजन में नैनीताल में पर्यटकों की भारी आमद की संभावना है। ऐसे में स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसाय शहर की अर्थव्यवस्था को संभालने में अहम भूमिका निभाते हैं। यदि गैस आपूर्ति में बाधा आती है, तो इसका सीधा असर पर्यटन सेवाओं और कारोबार पर पड़ेगा।इस मामले को लेकर उन्होंने संस्था के प्रतिनिधियों के साथ आज प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों ने प्रमुख रूप से गैस वितरण केंद्र के स्थानांतरण की मांग उठाई है। वर्तमान में नारायण नगर और धामपुर बैंड से सिलेंडर लाने-ले जाने में ट्रैफिक जाम और भीड़ के कारण काफी समय और अतिरिक्त खर्च लग रहा है। ऐसे में व्यापार मंडल ने सुझाव दिया है कि वितरण केंद्र को बी.डी. पांडे अस्पताल के पास या फ्लैट्स ग्राउंड में स्थानांतरित किया जाए, जिससे परिवहन का खर्च कम हो और व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
इसके साथ ही व्यापार मंडल ने केंद्र और राज्य सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर को निर्धारित 70 प्रतिशत गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि सीजन के चरम समय में ईंधन की कमी से व्यवसाय प्रभावित होता है, जबकि अधिकांश रेस्टोरेंट पहले ही अपनी खपत का विवरण संबंधित एजेंसियों को उपलब्ध करा चुके हैं।
व्यापारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि गैस की बढ़ती कीमतों के बीच यदि वितरण केंद्र शहर के नजदीक होगा, तो परिवहन लागत में कमी आएगी और वे पर्यटकों को बेहतर सेवाएं उचित दरों पर दे सकेंगे। वर्तमान व्यवस्था में प्रति सिलेंडर अतिरिक्त खर्च काफी अधिक हो रहा है, जो छोटे कारोबारियों के लिए चुनौती बनता जा रहा है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी द्वारा व्यापारियों को आश्वासन दिया गया है कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
ज्ञापन देने के दौरान व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष विकास जायसवाल, कार्यकारिणी सदस्य एवं रेस्टोरेंट व्यवसायी विश्वदीप टंडन, गिरीश कांडपाल सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन समय रहते आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे समर सीजन सुचारू रूप से संचालित हो सके।