नैनीतालः विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने ग्राउण्ड जीरो पर उतरे मण्डलायुक्त! मॉल रोड सुधार कार्य की 15 जून डेडलाइन तय, लापरवाही पर जताई नाराजगी
नैनीताल। नैनीताल में चल रहे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बुधवार को लोअर मॉल रोड, तल्लीताल बाजार और मल्लीताल बाजार का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्यों में धीमी प्रगति और संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्यटन सीजन को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। मॉल रोड के मरम्मत और सुधार कार्य को प्राथमिकता देते हुए आयुक्त ने 15 जून की सख्त डेडलाइन तय की। उन्होंने निर्देश दिया कि इस तिथि तक लोअर मॉल रोड का समस्त कार्य हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि आने वाले पर्यटन सीजन में पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को आवाजाही में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। तल्लीताल और मल्लीताल बाजारों में चल रहे सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल की कमी से कार्यों में देरी होती है, जिसे हर हाल में दूर किया जाना चाहिए। आयुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी परियोजनाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी हों। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और मौके पर उपस्थित रहकर कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।