नैनीतालः शहर कोतवाल ने खुद को कमरे में किया बंद! दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, तबादले के बाद तनाव की चर्चा! एसएसपी ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

Nainital: The city police chief locked himself in his room! Police broke down the door and entered, sparking speculation of tension following his transfer! The SSP has requested a detailed report.

नैनीताल। मल्लीताल कोतवाली में बुधवार को उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब शहर कोतवाल ने खुद को अपने कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक पुलिसकर्मियों द्वारा दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अनहोनी की आशंका के चलते आनन-फानन में पुलिसकर्मियों ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। कमरे के भीतर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने देखा कि शहर कोतवाल बेहद तनावग्रस्त हालत में रोते-बिलखते मिले। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गई और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। सूत्रों के अनुसार शहर कोतवाल पिछले कुछ दिनों से लगातार मानसिक दबाव में चल रहे थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले कोतवाली में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी का स्थानांतरण कर दिया गया था। इसके बाद कोतवाल ने एसएसपी से महिला कर्मी की आवश्यकता का हवाला देते हुए स्थानांतरण आदेश पर पुनर्विचार करने की मांग की थी। इसके बाद मंगलवार को उनकी संबद्धता समाप्त करते हुए उनका स्थानांतरण अल्मोड़ा कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इसी आदेश के बाद से वह तनाव में थे।


जानकारी के अनुसार बीते चार दिनों के भीतर जनपद में सात अन्य पुलिसकर्मियों की संबद्धता समाप्त कर उनके भी स्थानांतरण किए गए हैं। इससे पुलिस महकमे में पहले से ही हलचल बनी हुई थी। इधर आज हुए घटनाक्रम की  जानकारी मिलते ही सीओ अंजना नेगी और एलआईयू के अधिकारी तत्काल मल्लीताल कोतवाली पहुंचे। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ ने पत्रकारों को कर्मचारी आवास की ओर जाने से रोक दिया और पूरे घटनाक्रम को नियंत्रित करने का प्रयास किया। कई घंटे तक पुलिसकर्मी कोतवाल की निगरानी करते रहे। बाद में उनके परिजनों को बुलाया गया और उन्हें परिजनों के साथ भेज दिया गया। सूत्रों के मुताबिक फिलहाल उनकी रवानगी पुलिस लाइन कर दी गई है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस विभाग में फिलहाल चुप्पी साधी गई है। हालांकि, एसएसपी नैनीताल ने कहा है कि उन्हें मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है और संबंधित कोतवाली से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।