नैनीताल:LPG कीमतों में उछाल से पर्यटन कारोबार पर संकट,मेन्यू में दाम बढ़ने पर सीधा असर ग्राहकों पर,व्यापारियों ने जताई नाराज़गी!
नैनीताल में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और अनियमित आपूर्ति को लेकर व्यापारियों की चिंता अब खुलकर सामने आने लगी है। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तराखंड (नैनीताल) के सह प्रभारी कुमाऊँ मंडल अखिलेश सेमवाल ने इस मुद्दे पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा है कि वर्तमान समय में गैस की सप्लाई नियमित रूप से नहीं हो पा रही है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि जहां एक ओर गैस समय पर उपलब्ध नहीं हो रही है, वहीं दूसरी ओर लगातार बढ़ती कीमतों ने व्यापारियों की लागत को काफी बढ़ा दिया है। खासतौर पर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोग इस स्थिति से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के चलते इन कारोबारियों को अपने मेन्यू की कीमतें बढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
अखिलेश सेमवाल के अनुसार, यदि मेन्यू के दाम बढ़ते हैं तो इसका सीधा असर ग्राहकों की संख्या पर पड़ेगा, जिससे रेस्टोरेंट और होटल व्यवसाय में गिरावट आ सकती है। इससे न केवल व्यापारियों की आय प्रभावित होगी, बल्कि पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था पर भी नकारात्मक असर पड़ने की आशंका है।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि गैस की किल्लत को जल्द से जल्द दूर किया जाए और कीमतों पर नियंत्रण रखा जाए, ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके और उनका कारोबार सुचारू रूप से चलता रहे।